भिंड, मध्य प्रदेश – भिंड जिले में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई के बाद अब प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम उठाते हुए नरवाई (फसल अवशेष) जलाने वाले किसानों के खिलाफ सख्ती दिखाई है। जिले के आरोन क्षेत्र में नरवाई जलाने के मामलों में 6 किसानों पर कुल 15 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
मौके पर पहुंचीं तहसीलदार, खेतों की खुद की पहचान
तहसीलदार रुचि अग्रवाल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर खेतों का निरीक्षण किया और जिन किसानों ने फसल के अवशेष जलाए थे, उन्हें चिन्हित किया गया। इसके बाद उपखण्ड अधिकारी (SDM) मंजुषा खत्री ने कलेक्टर के निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए यह जुर्माना लगाया।
कलेक्टर ने दिए थे सख्त निर्देश
जिला कलेक्टर किशोर कुमार द्वारा हाल ही में नरवाई जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने हेतु स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे। आदेश के अनुसार, नरवाई में आग लगाने वालों पर 2500 से लेकर 15000 रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
तीन गांवों में हुई पहली कार्रवाई
इस अभियान के तहत ग्राम कुसमान, पिपरिया जागीर और रामपुर में नरवाई जलाने के 6 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई। SDM मंजुषा खत्री ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे फसल अवशेष जलाने के बजाय वैकल्पिक उपायों को अपनाएं, ताकि पर्यावरण को नुकसान न हो।
अधिकारियों की उपस्थिति
इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार रुचि अग्रवाल के साथ कृषि विभाग के शिव सिंह किरार भी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और किसानों को जागरूक करने के लिए ऐसे कदम आवश्यक हैं।

ब्यूरो चीफ – मध्यप्रदेश