कोरबा चांपा मार्ग पर वाहनों की रफ्तार पर अंकुश नहीं लगने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही है। इस

राजेन्द्र देवांगन
2 Min Read

कोरबा। चांपा मार्ग पर वाहनों की रफ्तार पर अंकुश नहीं लगने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही है। इस रास्ते पर अज्ञात वाहन ने एक बाइक को ठोक दिया। कोरबा निवासी चालक इस घटना में बुरी तरह से घायल हो गया। आखिरकार उसकी मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

कोरबा के संजय नगर पानी टंकी क्षेत्र में रहने वाले नवीन सोनी की मौत होने पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम किया है। खबर के अनुसार किसी काम से नवीन और उसका दोस्त एक दिन पहले चांपा गया हुआ था। काम समाप्ति के बाद ये दोनों बाइक से कोरबा लौट रहे थे। रात्रि लगभग 8 बजे उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरबसपुर के पास अज्ञात वाहन ने इन्हें अपनी चपेट में ले लिया। भारी वाहन की ठोकर से दोनों युवक बाइक समेत गिर पड़े। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद वाहन चालक भाग निकला। इस मार्ग से आवाजाही कर रहे लोगों की नजर दुर्घटनाग्रस्त बाइक और घायलों पर पड़ी। उन्होंने उरगा पुलिस को इस बारे में अवगत कराया। पुलिस ने पीडि़तों को जिला अस्पताल कोरबा भिजवाने की व्यवस्था की। वहां उन्हें उपचार दिया गया। इस बीच नवीन ने दम तोड़ दिया। बताया गया कि दुर्घटना में घायल होने पर उसके सिर से काफी मात्रा में खून बह चुका था। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी चोटें आई थी। संभवत: इस कारण से उसे बचाया जाना संभव नहीं हो सका। दूसरे घायल का उपचार यहां पर जारी है। पुलिस के द्वारा अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मर्ग कायम किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर इस प्रकरण में आगे की जांच-पड़ताल की जाएगी।

Share This Article