कोयला परिवहन बना ग्रामीणों के लिए मुसीबत, तेज रफ्तार भारी वाहनों पर लगाम लगाने प्रशासन से गुहार

राजेन्द्र देवांगन
3 Min Read
Advertisement

घरघोड़ा। जामपाली से घरघोड़ा तक कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और अनियंत्रित आवाजाही को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है। सड़क पर उड़ती धूल, भारी जाम, सड़क क्षतिग्रस्त होने और लगातार दुर्घटनाओं की आशंका के बीच अब प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
इस संबंध में महिला प्रगतिशील सतनामी समाज घरघोड़ा की ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व जनपद सदस्य सुश्री लता खुंटे ने अनुविभागीय अधिकारी घरघोड़ा, जिला रायगढ़ को आवेदन सौंपकर जामपाली से घरघोड़ा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुधारने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि जामपाली से घरघोड़ा के बीच कोयला परिवहन का कार्य लंबे समय से संचालित है। पहले यह परिवहन अपेक्षाकृत नियंत्रित और व्यवस्थित तरीके से होता था, लेकिन पिछले एक-दो वर्षों से अधिकृत ट्रांसपोर्टरों के वाहनों की तेज रफ्तार, अव्यवस्थित ड्राइविंग, ट्रिप बढ़ाने की होड़ और भारी वाहनों की आवाजाही ने पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को प्रभावित किया है।


खदानों से निकलने के बाद कोयले से लदे वाहन कुड़ुमकेला, सराईपाली, बरघाट, टेरम और कंचनपुर जैसे गांवों के मुख्य मार्गों से तेज गति से गुजरते हैं। इससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले दो से तीन महीनों के दौरान बरघाट से कंचनपुर के बीच कई बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें मौके पर ही लोगों की जान जाने की बात कही गई है। इसके बावजूद अपेक्षित प्रशासनिक और पुलिस हस्तक्षेप नहीं होने पर सवाल उठाए गए हैं।
आवेदन में की गई प्रमुख मांगें
जामपाली से घरघोड़ा मार्ग पर प्रत्येक एक किलोमीटर की दूरी पर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा निर्धारित की जाए।
प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
सड़क सुरक्षा, पानी का छिड़काव और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की जाए।
पुलिस सुरक्षा केंद्र को पुनः ओरामुड़ा में संचालित किया जाए।
सुरक्षा संकेतक बोर्ड और हाई मास्ट लाइट लगाई जाए।
दुर्घटनाओं में मृतकों के परिजनों को मिलने वाला मुआवजा 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये किया जाए।
स्थानीय स्तर पर राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था विकसित की जाए।
आवेदन में अधिकृत ट्रांसपोर्टर प्रबंधन, एनटीपीसी तिलाईपाली, एसईसीएल बरौद, बिजारी, जामपाली एवं शारदा प्रबंधन के साथ स्थानीय प्रशासन की जवाबदेही तय करने की भी मांग की गई है।
आवेदिका ने चेतावनी दी है कि यदि इस गंभीर जनसमस्या का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान नहीं किया गया, तो जनसुरक्षा और विधि-सम्मत अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी एवं संवैधानिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में प्रशासन और संबंधित कोयला परिवहन प्रबंधन कब तक ठोस कदम उठाते हैं।

Share This Article