01 से 14 दिसम्बर तक जिले में आयोजित होगा वजन त्यौहार 2026-27, जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न.                                              0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के पोषण स्तर का होगा आकलन, कुपोषित बच्चों की पहचान कर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं से जोड़ने पर जोर

Jagdish Dewangan
3 Min Read
Advertisement

मुंगेली :-  28 नवम्बर 2026 महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में वजन त्यौहार 2026-27 का आयोजन 01 से 14 दिसम्बर तक किया जाएगा। वजन त्यौहार के सफल एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन तथा आवश्यक तैयारियों के संबंध में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजूला शर्मा के मार्गदर्शन में  जनपद सभाकक्ष, मुंगेली में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।


कार्यशाला में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी  गोपाल लांझी, परियोजना अधिकारी  राजेन्द्र गेंदले, श्रीमती प्रियंका खरे, श्री बीरेन्द्र खरे, श्रीमती सुधा पांडेय सहित पर्यवेक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला में वजन त्यौहार के उद्देश्यों, कार्ययोजना, निर्धारित गतिविधियों एवं दायित्वों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजूला शर्मा ने बताया कि वजन त्यौहार का मुख्य उद्देश्य 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के वजन एवं ऊंचाई का मापन कर उनके पोषण स्तर का आकलन करना तथा कुपोषित एवं गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है। इसके साथ ही गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं तथा किशोरी बालिकाओं के पोषण संबंधी पहलुओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।


निर्धारित अवधि में जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का वजन एवं ऊंचाई मापन कर प्राप्त आंकड़ों को पोषण ट्रैकर में दर्ज किया जाएगा। चिन्हित कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए आवश्यक परामर्श, स्वास्थ्य जांच एवं विभागीय सेवाओं से जोड़ने की कार्यवाही की जाएगी।
कार्यशाला में वजन त्यौहार के दौरान ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों, मितानिनों, स्वास्थ्य विभाग एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही मापन कार्य में शुद्धता, निर्धारित समय-सीमा का पालन तथा नियमित पर्यवेक्षण एवं निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के समस्त अभिभावकों से अपील की गई है कि वे 01 से 14 दिसम्बर तक आयोजित वजन त्यौहार के दौरान अपने 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र लेकर आएं तथा वजन एवं ऊंचाई मापन में सहयोग करें।

Share This Article
संपादक - जगदीश देवांगन