(संवाददाता अभिलाष दास बघेल)
बीजापुर। गो सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत सोमवार को एक भव्य जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ गायत्री मंदिर से हुआ, जो तहसील कार्यालय होते हुए कलेक्टर कार्यालय तक पहुँची। इस दौरान बड़ी संख्या में गौ-सेवकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने गौ संरक्षण, संवर्धन और सम्मान का संदेश देते हुए लोगों से गौ सेवा एवं संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। रैली में विभिन्न नारों और बैनरों के माध्यम से गौवंश की सुरक्षा तथा संवर्धन की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

रैली के समापन पर प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुँचकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा तथा गौ संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। अभियान का उद्देश्य समाज में गौ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और इस दिशा में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।

