जशपुर में गौ-हत्या का बड़ा खुलासा: ‘ऑपरेशन शंखनाद’ में 10 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने हथकड़ी लगाकर सड़क पर निकाला जुलूस

राजेन्द्र देवांगन
3 Min Read

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौ-हत्या और गौ-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कोतबा क्षेत्र के बरगोड़ा नाले के पास एक बछड़े की हत्या कर उसका मांस काटकर आपस में बांटा जा रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने घटनास्थल से कथित गोमांस, मवेशी के अवशेष, हत्या में प्रयुक्त हथियार और नकदी बरामद करने का दावा किया है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व जशपुर पुलिस अधीक्षक लाल सिंह उमेद के निर्देशन तथा पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेष जायसवाल के मार्गदर्शन में किया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में गौ-तस्करी और गौ-हत्या पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
मुखबिर की सूचना से हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बृजेश यादव अपने स्टाफ के साथ क्षेत्र में गश्त और ग्राम भ्रमण पर थे। इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि बैगाबहार और रोकबहार के कुछ लोग भोर में करीब 3 से 4 बजे के बीच बरगोड़ा नाले के पास एक सुनसान स्थान पर एक बछड़े की हत्या कर चुके हैं और उसका मांस काटकर आपस में बांट रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और गवाहों को साथ लेकर मौके की ओर रवाना हुई। पुलिस टीम ने घटनास्थल की चारों ओर से घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही मची भगदड़
पुलिस टीम को अचानक सामने देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ आरोपी जंगल और खेतों की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के चलते उन्हें भागने का मौका नहीं मिला। पुलिस ने मुख्य आरोपी रंजीत एक्का को उसकी हीरो मोटरसाइकिल (CG-13-W-8714) पर एक प्लास्टिक की बोरी में लगभग 15 किलो कथित गोमांस ले जाते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। इसके अलावा अन्य आरोपियों को भी आसपास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आई अहम जानकारी
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी रंजीत एक्का ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बछड़े की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले बछड़े के पैर रस्सी से बांधे और फिर कुल्हाड़ी एवं छुरी से हमला कर उसकी हत्या की। इसके बाद मांस के टुकड़े कर आपस में बांटने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि यह घटना केवल स्थानीय स्तर तक सीमित थी या इसके पीछे किसी संगठित गिरोह अथवा मांस तस्करी नेटवर्क का हाथ है।

Share This Article