भिलाई-3 कुटुम्ब न्यायालय में सुधार की पहल, शिकायत के बाद दिखा असर

राजेन्द्र देवांगन
2 Min Read

भिलाई-3 स्थित कुटुम्ब न्यायालय में एक गंभीर घटना सामने आई थी, जिसमें एक अनावेदिका ने आरोप लगाया था कि कोर्ट परिसर में कर्मचारियों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई और उसे केस फाइल में हस्ताक्षर करने से रोका गया। इस घटना के साथ ही न्यायालय की व्यवस्था, कर्मचारियों की ड्रेस, कैमरा निगरानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर भी सवाल खड़े हुए थे।

इस मामले के सामने आने के बाद प्रशासन और न्यायालय प्रबंधन हरकत में आया। अब करीब नौ महीने बाद उस शिकायत का प्रभाव स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।

सूत्रों के अनुसार, भिलाई-3 कुटुम्ब न्यायालय में कई सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं। न्यायालय परिसर में नई मशीनों की स्थापना की गई है, पर्याप्त पंखों की व्यवस्था की गई है और कार्यस्थल को अधिक व्यवस्थित बनाया गया है। इसके साथ ही कोर्ट कर्मचारियों को व्यवहार और कार्यप्रणाली को लेकर विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इसके अलावा, न्यायालय में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए भी प्रयास तेज किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि उद्देश्य यह है कि आवेदक और अनावेदक दोनों पक्षों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उन्हें समय पर न्याय मिल सके।

स्थानीय लोगों और न्यायालय में आने वाले पक्षकारों ने इन बदलावों को सकारात्मक कदम बताया है। उनका मानना है कि इससे न केवल न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि आम लोगों का न्यायपालिका पर विश्वास भी मजबूत होगा।

Share This Article