गृहमंत्री अमित शाह रायपुर पहुंचे, आज बस्तर दौरे पर रहेंगे; बस्तर ओलंपिक के समापन में होंगे शामिल

राजेंद्र देवांगन
3 Min Read

रायपुर/जगदलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार रात रायपुर पहुंच चुके हैं। शनिवार को वे बस्तर दौरे पर रहेंगे और जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे और बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर कोई महत्वपूर्ण ऐलान कर सकते हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह शनिवार सुबह 11 बजे से 1 बजे तक रायपुर में भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे दोपहर जगदलपुर के लिए रवाना होंगे।


जगदलपुर का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

  • दोपहर 2:35 बजे – जगदलपुर एयरपोर्ट आगमन
  • 2:45 बजे – इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम पहुंचेंगे
  • 2:45 से 4:45 बजे तक – बस्तर ओलंपिक समापन कार्यक्रम में शिरकत
  • सरेंडर किए नक्सलियों और खिलाड़ियों से मुलाकात
  • 4:55 बजे – दिल्ली के लिए प्रस्थान

3500 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक में फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स समेत विभिन्न खेलों में करीब 3500 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें बस्तर संभाग के—

  • दंतेवाड़ा
  • बीजापुर
  • बस्तर
  • सुकमा
  • नारायणपुर
  • कांकेर
  • कोंडागांव

इन सात जिलों के खिलाड़ी शामिल रहे।

इसके अलावा 761 सरेंडर किए गए नक्सली और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के सदस्य भी प्रतियोगिता में शामिल हुए। इनकी टीम का नाम “नुआ बाट” रखा गया है। पिछले वर्ष यह संख्या लगभग 300 थी।


ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

कार्यक्रम को देखते हुए जगदलपुर शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है—

  • दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक यात्री बसें परिवर्तित मार्ग से चलेंगी
  • सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित
  • आपातकालीन सेवाओं को पूर्ण छूट
  • एयरपोर्ट आने-जाने के लिए बोधघाट मार्ग निर्धारित
  • कुम्हारपारा चौक से शहीद पार्क, चांदनी चौक से कलेक्ट्रेट और इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम मार्ग दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक प्रतिबंधित

ड्रोन कैमरों पर पूर्ण प्रतिबंध, कड़ी सुरक्षा

कार्यक्रम स्थल और शहर में ड्रोन कैमरों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। सुरक्षा के लिए—

  • तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
  • डॉग स्क्वायड की तैनाती
  • अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

किए गए हैं।


Share This Article
राजेंद्र देवांगन (प्रधान संपादक)