भिलाई में भाई ने भाई की ली जान: संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह, कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार

राजेन्द्र देवांगन
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में बढ़ रहा अपराध अब भाईचारे का रिश्ता भी खूनी अपराध में बदल गया, एक छोटे भाई ने संपत्ति विवाद के चलते अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। यह घटना छावनी थाना क्षेत्र में नंदिनी रोड के पास हुई। हत्या इतनी निर्मम थी कि कुल्हाड़ी का वार सीधे सिर पर किया गया और वह खोपड़ी में धंस गई, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।

दिनभर शराब पीने के बाद रात में झगड़ा:

पुलिस के अनुसार, मृतक महेंद्र सिंह उर्फ बउआ (55) और उसका छोटा भाई राजवीर सिंह (45) एक ही मकान में रहते थे, लेकिन दोनों के बीच लंबे समय से घर और जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को दोनों ने सुबह से लेकर शाम तक साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हुई जो देर शाम झगड़े में बदल गई।

कुल्हाड़ी से सिर पर हमला, मौके पर मौत:

राजवीर के पास बड़ी कुल्हाड़ी थी, जबकि महेंद्र के पास चाकू और छोटी कुल्हाड़ी। बहस इतनी बढ़ गई कि राजवीर ने बड़े भाई महेंद्र के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। हमला इतना भयानक था कि कुल्हाड़ी सिर में धंस गई। महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी राजवीर वहां से फरार हो गया।

मृतक ठेकेदार, आरोपी निगरानी सूची में:

जानकारी के अनुसार, महेंद्र सिंह पेशे से ठेकेदार था, जबकि राजवीर का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह छावनी थाने का निगरानी बदमाश बताया जा रहा है।

पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर:

घटना की जानकारी मिलते ही छावनी टीआई मोनिका पांडे और सीएसपी हरीश पाटिल मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, हत्या में उपयोग की गई कुल्हाड़ी और अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की जांच जारी है। आरोपी पर कड़ी कार्यवाही की मांग।

Share This Article