बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस को माओवादी डम्प के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए स्टील के डिब्बे से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को मिली सूचना के आधार पर डीआरजी, भैरमगढ़ थाना और बीडीएस की संयुक्त टीम ने जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान जमीन के अंदर छिपे स्टील के डिब्बे से सोने के 33 बिस्किट और नकदी बरामद हुई। प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला बताया गया है।
इस कार्रवाई में बरामद सोने और नकदी के संबंध में पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अब तक 8 करोड़ से अधिक नकद और 12.34 किलो सोना बरामद
पुलिस के मुताबिक, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में बीजापुर जिले से अब तक कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।
जंगल में माओवादियों का करोड़ों का खजाना बरामद, 3.84 किलो सोना और 24 लाख नकद मिले
Editor In Chief


