मुंगेली :- जिले के एकमात्र संचालित रेलवे आरक्षण काउंटर को बंद कर दिए जाने से आम जनता, व्यापारियों एवं ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पूरे माह लगातार त्यौहार का समय है, जिसमें सभी को दूर आने-जाने के साधन के रूप में रेल का उपयोग करना पड़ता है। साथ ही ग्रामीण जो अन्य राज्यों में रोजगार हेतु गए हैं, उन्हें भी आवागमन में रेल ही अधिक उपयोगी साधन है।
रेलवे आरक्षण काउंटर बंद होने से सभी को बाहर प्राइवेट टिकट एजेंटों को अधिक दाम देना पड़ रहा है और समय की भी बर्बादी हो रही है।

इस परेशानी को देखते हुए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) जिला इकाई मुंगेली द्वारा CAIT के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीण खंडेलवाल एवं राष्ट्रीय चेयरमेन अमर पारवानी को अवगत कराया गया। इस पर उनके द्वारा रेल मंत्री, भारत सरकार, नई दिल्ली को पत्राचार कर अवगत कराया गया है, जिस पर जल्द ही सार्थक निर्णय लिए जाने की बात कही गई है।

साथ ही CAIT जिला इकाई मुंगेली द्वारा कलेक्टर महोदय से रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित मेडिकल शॉप को मुंगेली शहर के मध्य स्थापित किए जाने की मांग की गई है, जिससे आम जनता को सस्ती दवा का लाभ स्थानीय स्थल पर प्राप्त हो सके। इस संबंध में CM छत्तीसगढ़ हेल्पलाइन में भी CAIT मुंगेली द्वारा बात रखी गई है।


