माता परमेश्वरी महोत्सव की सफलता पर शील्ड भेंट कर किया सम्मान, समाजहित पर हुई विस्तार से चर्चा
मुंगेली–देवांगन समाज मुंगेली के प्रतिनिधियों ने राजधानी दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर समाज के प्रदेश प्रवक्ता दुर्गेश देवांगन एवं मीडिया प्रभारी कोमल देवांगन ने मंत्री से भेंट कर विगत दिनों मुंगेली में आयोजित माता परमेश्वरी महोत्सव के सफल आयोजन की जानकारी साझा की। प्रतिनिधियों ने महोत्सव के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर केंद्रीय मंत्री तोखन साहू को शॉल एवं शील्ड भेंट कर सम्मानित किया तथा समाज के प्रति उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने बताया कि माता परमेश्वरी महोत्सव देवांगन समाज की आस्था, एकता और सांस्कृतिक पहचान का बड़ा पर्व है, जिसे समाज के सभी लोगों के सहयोग से भव्य रूप से संपन्न किया गया।
समाजहित के विषयों पर हुई सार्थक चर्चा
मुलाकात के दौरान देवांगन समाज के विकास, सामाजिक उत्थान, शिक्षा, रोजगार एवं युवाओं को आगे बढ़ाने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधियों ने समाज को संगठित कर आगे बढ़ाने हेतु विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की रूपरेखा भी मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि देवांगन समाज निरंतर सामाजिक एकता और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है और आने वाले समय में समाजहित में और अधिक कार्य किए जाएंगे।
कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने देवांगन समाज के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए माता परमेश्वरी महोत्सव के सफल आयोजन के लिए समाज को बधाई दी। उन्होंने सभी समाज के लोगों के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने समाज के युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और कहा कि सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है।
समाज के लिए प्रेरणादायक मुलाकात
इस सौजन्य भेंट को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए प्रतिनिधियों ने कहा कि इस प्रकार की मुलाकात समाज के विकास के नए मार्ग खोलती है तथा शासन-प्रशासन से समन्वय स्थापित करने में सहायक सिद्ध होती है। मुलाकात के अंत में मंत्री तोखन साहू ने देवांगन समाज के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और समाज को निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

