नवागढ़ रोड स्टेडियम क्षेत्र में दूषित पानी से हड़कंप,नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने किया निरीक्षण,जांच के बाद सुधार के दिए निर्देश

Jagdish Dewangan
3 Min Read

मुंगेली/नगर के नवागढ़ रोड स्थित स्टेडियम के पास लगे बोर से दूषित पानी आने की शिकायत ने स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ा दी है। इस गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला से शिकायत की, जिस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) होरी सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे। अधिकारियों की टीम ने स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और दूषित पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। साथ ही संबंधित बोर को तत्काल सुधारने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कलेक्टर कुंदन कुमार से टेलीफोन पर चर्चा कर स्थिति से अवगत कराया। कलेक्टर ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराकर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी पेट्रोल पंप और कबीर कुटी के पास स्थित बोर फेल हो चुका है। बाद में वहां पुनः बोर कराया गया, लेकिन उसमें भी पेट्रोल जैसी गंध आने की शिकायत नागरिकों द्वारा की गई थी। इससे क्षेत्र में जल स्रोतों की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा:

“जैसे ही हमें नागरिकों की शिकायत मिली, हमने तुरंत मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। प्राथमिक तौर पर समस्या गंभीर प्रतीत हो रही है, इसलिए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। नगरवासियों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है और जल्द ही इसका स्थायी समाधान किया जाएगा।”

कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा:

“मामले को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित विभाग को जांच कर तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।”

सीएमओ होरी सिंह ठाकुर ने बताया:

“निरीक्षण के दौरान पानी में अशुद्धि पाई गई है। हमने सैंपल लेकर लैब भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही बोर को सुधारने के निर्देश दे दिए गए हैं।”

लगातार बोर फेल होने और पानी में पेट्रोल जैसी गंध आने की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में भय और असंतोष का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।

Share This Article
संपादक - जगदीश देवांगन