फाइलेरिया उन्मूलन हेतु सामूहिक दवा सेवन अभियान: 10 से 25 फरवरी तक

Jagdish Dewangan
2 Min Read

जिले में 08 लाख 51 हजार 895 से अधिक लोगों को खिलाई जाएगी दवा

मुंगेली, 09 फरवरी 2026// प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुरूप देश को 2030 तक फाइलेरिया (हाथी पांव) जैसी गंभीर बीमारी मुक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में 10 फरवरी से 25 फरवरी तक सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि अभियान अंतर्गत 02 वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी नागरिकों को डी.ई.सी., एल्बेंडाजोल एवं आईवरमेक्टिन दवा का संयुक्त रूप से सेवन कराया जाएगा। जिले मेें 08 लाख 51 हजार 895 से अधिक लोगों को दवा खिलाई जाएगी।
डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे ने बताया कि 01 हजार 790 दल के 03 हजार 580 से अधिक सदस्यों द्वारा दवा सेवन कराया जाएगा। इसके लिए जिले में कुल 01 हजार 620 बूथ बनाए गए हैं। मुंगेली विकासखण्ड में 660 बूथ, लोरमी विकासखण्ड में 560 बूथ और पथरिया विकासखण्ड में 400 बूथ बनाए गए हैं। अभियान के दौरान प्रथम चरण अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा 10 से 12 फरवरी तक स्कूलों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ियों आदि शैक्षणिक संस्थानों में दवा सेवन कराया जाएगा। इसी तरह द्वितीय चरण में 13 से 22 फरवरी तक घर-घर जाकर तथा 23 से 25 फरवरी तक छूटे हुए लोगों को मापअप राउंड अंतर्गत दवा सेवन कराया जाएगा। अभियान की निगरानी के लिए आएचओ, सीएचओ व मितानिनों सहित 358 पर्यवेक्षकों और 72 सेक्टर पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।

Share This Article
संपादक - जगदीश देवांगन