“अप्रैल के पहले सप्ताह में छत्तीसगढ़ आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, विधानसभा के प्रबोधन सत्र को करेंगी संबोधित”
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अप्रैल के पहले सप्ताह में छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगी। इस दौरान वे विधानसभा के प्रबोधन सत्र को संबोधित करेंगी। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने दिल्ली प्रवास के दौरान राष्ट्रपति भवन में मुलाकात कर उन्हें राज्य में आमंत्रित किया, जिसे राष्ट्रपति ने सहर्ष स्वीकार कर अपनी स्वीकृति प्रदान की।
मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में प्रवेश करने की जानकारी दी और राज्य के विकास एवं सांस्कृतिक समृद्धि से अवगत कराया। उन्होंने छत्तीसगढ़ से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की।
डॉ. सिंह ने कहा कि राष्ट्रपति की उपस्थिति राज्य विधानसभा के लिए प्रेरणादायक होगी और यह छत्तीसगढ़ की जनता के लिए गर्व का विषय बनेगा।
केंद्रीय खेल मंत्री से भी की मुलाकात
दिल्ली प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से भी सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रदेश, विशेष रूप से राजनांदगांव में खेल गतिविधियों के विकास को लेकर चर्चा की। स्पीकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि बैठक के दौरान प्रदेश में खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने पर विचार-विमर्श किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
Editor In Chief