न्यायधानी में इस साल रक्षाबंधन का पर्व बादलों की छांव में मनेगा। 18 और 19 अगस्त को आसमान में बादलों की उपस्थिति बनी रहेगी। बहुत हल्की वर्षा की संभावना है। उमस के संग उत्सव की खुशियां बनी रहेगी। दिन के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
बिलासपुर। न्यायधानी में इस सप्ताह वर्षा की संभावना कम है। बूंदाबांदी व हल्की वर्षा की संभावना बनी रहेगी। सप्ताह के अंत में गरज-चमक के साथ तेज वर्षा हो सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
शनिवार को अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 33.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जो सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक था। इस वृद्धि के कारण वातावरण में उमस का अहसास हुआ। हल्की गर्मी भी महसूस हुई। शाम के समय आसमान में घने बादल छा गए, लेकिन वर्षा नहीं हुई। उमस और गर्मी का मिश्रण बना रहा। इस बीच राहत की खबर यह है कि त्योहारी सीजन में वर्षा के थमने से शहरवासियों में खुशी है।
रक्षाबंधन का पर्व कल है और मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिनों में बहुत हल्की वर्षा की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि, इस पर्व पर वर्षा बाधा नहीं डालेगी। भाई-बहन आसानी से घर से बाहर निकलकर खरीदारी और अन्य त्योहारी तैयारियों में शामिल हो सकते हैं। आसमान में बादल छाए रहने के कारण गर्मी का अहसास कम होगा, जिससे सभी पर्व का आनंद उठा सकेंगे।
रक्षाबंधन संग सावन की विदाई
रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के पवित्र बंधन का प्रतीक है। यह सनातन धर्म में विशेष महत्व रखता है। इस पर्व का संबंध सावन के महीने से भी है, जो अब विदाई की ओर है। सावन के अंतिम दिन में रक्षाबंधन का आना इस मास की विदाई को बताता है। सावन के इस अद्भुत माहौल में रक्षाबंधन का पर्व मनाना सनातन परंपराओं की गहराई को दर्शाता है, जहां प्रकृति और संबंधों का अद्वितीय संगम होता है।
मध्य छग में भारी वर्षा के संकेत
मौसम विभाग ने 18 अगस्त को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने तथा वज्रपात होने की भी आशंका है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः मध्य छत्तीसगढ़ रह सकता है। यदि ऐसा हुआ तो, बिलासपुर में भी इसका असर हो सकता है।
प्रमुख शहरों का तापमान शहर अधिकतम न्यूनतम
बिलासपुर 33.2 26.4
पेंड्रारोड 33.4 23.0
अंबिकापुर 32.8 24.6
इस सप्ताह मौसम तिथि
1 8 अगस्त- एकदम हल्की वर्षा का अनुमान
19 अगस्त- दिन में हो सकती है हल्की वर्षा
20 अगस्त- बूंदाबांदी या हल्की वर्षा संभावित
21 अगस्त- वर्षा की संभावना कम
22 अगस्त- वर्षा की संभावना कम
23 अगस्त- एकदम हल्की वर्षा का अनुमान
24 अगस्त- व्यापक रूप से वर्षा देर-रात संभावित