CM की गिरफ्तारी के खिलाफ AAP का सामूहिक उपवास, जंतर-मंतर पर जुटे नेता-कार्यकर्ता..!

राजेन्द्र देवांगन
3 Min Read

CM की गिरफ्तारी के खिलाफ AAP का सामूहिक उपवास, जंतर-मंतर पर जुटे नेता-कार्यकर्ता..!
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी आज सामूहिक उपवास करेगी। AAP ने कहा है कि यह सामूहिक उपवास का कार्यक्रम दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। आम आदमी पार्टी ने एक व्हाट्स ऐप नंबर जारी कर लोगों से सामूहिक उपवास की तस्वीर शेयर करने का आग्रह किया है।
आपको बतादें कि आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को पिछले महीने प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया था। उन्हें 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
वहीं, दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने एक्स पर लिखा, ‘आज, दिल्ली और देशभर में तानाशाही के खिलाफ आप का उपवास है। सीएम केजरीवाल की गिरफ़्तारी के विरोध में 25 राज्यों में लोग उपवास कर रहे हैं। अपने मुख्यमंत्री के समर्थन में, आप भी इसमें जरूर शामिल हो।’
पंजाब के सीएम मान शहीद भगत सिंह के गांव में करेंगे अनशन
चंडीगढ़। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ आज अनशन करेंगे। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी। आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के विरोध में सात अप्रैल को देशव्यापी सामूहिक अनशन का आह्वान किया है। आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को पिछले महीने प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन के मामले में गिरफ्तार किया था। उन्हें 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पार्टी के विधायक दिनेश चड्ढा ने शनिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री मान और सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में सात अप्रैल को शहीद भगत सिंह नगर जिले के खटकर कलां में अनशन करेंगे। उन्होंने पंजाब के लोगों से भी अनशन में शामिल होने की अपील की। रूपनगर से विधायक चड्ढा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल की गिरफ्तारी में भारतीय जनता पार्टी नीत केंद्र सरकार का हाथ है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक को भाजपा अपने लिए ‘‘सबसे बड़ा खतरा’’ मानती है।

Share This Article