मुंगेली:—- गणेश चतुर्थी एवं छत्तीसगढ़ के पारंपरिक तीजा पर्व को लेकर मुंगेली जिले में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है। रविवार को गणेश चतुर्थी एवं तीजा उपवास को लेकर शहर के बाजारों में लोगों की भारी भीड़ रही। एक ओर जहां श्रद्धालु भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा को गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ अपने मोहल्लों एवं घरों में लेकर पहुंचे, वहीं दूसरी ओर तीजा पर्व की तैयारियों को लेकर महिलाओं ने जमकर खरीदारी की।

गणेश चतुर्थी के अवसर पर शहर के विभिन्न मोहल्लों में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाओं की स्थापना के लिए आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान से गणेश प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की तैयारियां की गई हैं। गणपति बप्पा के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से शहर का वातावरण भक्तिमय नजर आया। गणेश उत्सव को लेकर युवाओं और बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

तीजा पर्व को लेकर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल
वहीं छत्तीसगढ़ के पारंपरिक एवं महत्वपूर्ण पर्व तीजा को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। तीजा उपवास की तैयारियों के चलते शहर के कपड़ा, साड़ी, श्रृंगार, पूजा सामग्री और अन्य दुकानों में महिलाओं की भीड़ देखने को मिली। महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार साड़ी, श्रृंगार सामग्री एवं पर्व से जुड़ी अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी करती नजर आईं। बाजारों में बढ़ी भीड़ के चलते दुकानदारों में भी उत्साह है। तीजा पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा और पारिवारिक भावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर विवाहित महिलाएं अपने मायके पहुंचकर तीजा पर्व मनाती हैं। पर्व के दौरान घरों में पारंपरिक पकवान ठेठरी, खुरमी सहित विभिन्न व्यंजन बनाए जाते हैं। मायके आने वाली बेटियों के स्वागत और तीजा की तैयारियों को लेकर परिवारों में भी विशेष उत्साह का माहौल रहता है।

सोशल मीडिया प्रचारक जगदीश देवांगन ने बताया कि तीजा तिहार छत्तीसगढ़ की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा पारंपरिक पर्व है। यह पर्व परिवार, स्नेह और आपसी जुड़ाव की भावना को मजबूत करता है। तीजा के अवसर पर बेटियों का मायके आना और परिवार के साथ पर्व मनाना छत्तीसगढ़ की खूबसूरत परंपरा का हिस्सा है। घरों में पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं और महिलाएं पूरे उत्साह के साथ तीजा उपवास की तैयारी करती हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मुस्तैद
गणेश चतुर्थी को देखते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के लिए पंडाल बनाए गए हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा लगातार निगरानी रखी जा रही है।
गणेश उत्सव और तीजा पर्व के एक साथ होने से मुंगेली शहर में धार्मिक आस्था के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। बाजारों में उमड़ी भीड़, गणेश प्रतिमाओं के साथ निकलते श्रद्धालु, सजे हुए पंडाल और तीजा की खरीदारी करती महिलाएं शहर में पर्व की रौनक को और बढ़ा रही हैं।

दोनों पर्वों को लेकर लोगों में खासा उत्साह है और शहर का माहौल पूरी तरह उत्सवमय नजर आ रहा है। श्रद्धालु जहां भगवान श्रीगणेश की आराधना और मंगलकामना के साथ गणेश उत्सव मना रहे हैं, वहीं महिलाएं तीजा उपवास की तैयारियों में जुटी हैं। आने वाले दिनों में भी गणेश उत्सव और तीजा पर्व के चलते शहर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की रौनक बनी रहने की उम्मीद है।












