आबकारी विभाग की कार्रवाई के दौरान सड़क दुर्घटना.  बाइक सवार 03 नाबालिग बच्चों में 01 की मौत व 02 घायल, घायलों का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

Jagdish Dewangan
3 Min Read
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

कलेक्टर ने दिए विस्तृत जांच के निर्देश, घायलों को तत्काल दी गई सहायता राशि

मुंगेली, 23 जून 2026// आबकारी वृत्त लोरमी की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम मनोहरपुर में अवैध शराब के विरुद्ध छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध शराब जब्त कर आरोपी को विधिक कार्रवाई हेतु थाना ले जाया जा रहा था। इसी बीच लालपुर थाना क्षेत्र के समीप ग्राम बैगाकापा के तीन नाबालिग बच्चे तेज गति से मोटरसाइकिल चलाते हुए वाहन के सामने आ गए। वाहन चालक ने बच्चों को बचाने का प्रयास करते हुए अचानक ब्रेक लगाया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार तीनों बच्चे घायल हो गए। घायलों की पहचान अंकित यादव (12 वर्ष), शेखर कश्यप (10 वर्ष) एवं प्रवीण कुमार गंधर्व (10 वर्ष) के रूप में हुई। सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाकर उपचार प्रारंभ कराया गया। उपचार के दौरान अंकित यादव की मृत्यु हो गई, जबकि शेखर कश्यप एवं प्रवीण कुमार गंधर्व का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।


घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने विस्तृत जांच के निर्देश दिए तथा घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। कलेक्टर के निर्देशानुसार घटना को गंभीरता से लेते हुए घायलों के समुचित उपचार और पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना तथा मृतक बालक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। जिला प्रशासन की ओर से मृतक बालक के परिवार को 25 हजार रुपये तथा दोनों घायल बच्चों के परिवारों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। दुर्घटना में आबकारी विभाग का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया तथा उसमें सवार चालक, आबकारी निरीक्षक एवं अन्य टीम सदस्य घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन का कांच तोड़कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।


पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए उपलब्ध कराना गंभीर लापरवाही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच कर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि उनके जीवन एवं अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।

Share This Article
संपादक - जगदीश देवांगन