बलरामपुर में 10 करोड़ का गांजा जब्त : पुलिस ने उड़ीसा से यूपी जा रहा 19 क्विंटल गांजे का ट्रक पकड़ा, दो तस्कर गिरफ्तार

राजेन्द्र देवांगन
3 Min Read
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले की बसंतपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में लगभग 19 क्विंटल गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह बलरामपुर जिले में अब तक पकड़ी गई सबसे बड़ी गांजा खेप मानी जा रही है।
उड़ीसा से उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा
पुलिस जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से उत्तरप्रदेश ले जाई जा रही थी। तस्कर ट्रक के जरिए मादक पदार्थ की सप्लाई करने की फिराक में थे, लेकिन बसंतपुर पुलिस की सतर्कता के चलते उनके मंसूबे नाकाम हो गए।
रात 3 बजे घेराबंदी कर पकड़ा गया ट्रक

जानकारी के मुताबिक आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक के माध्यम से गांजा परिवहन कर रहे थे। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर भोर करीब 3 बजे घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
उत्तरप्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने कार्यवाही की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान लौकेश निवासी सहारनपुर और आमिर निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
साइबर सेल की टीम भी रही मौजूद

इस कार्रवाई में बसंतपुर थाना पुलिस के साथ साइबर सेल की टीम भी शामिल रही। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।

घंटों जारी रही कार्रवाई
बरामद गांजे की मात्रा करीब 19 क्विंटल बताई जा रही है जिसकी नाप-तौल में पुलिस टीम को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 10 करोड़ की बताई जा रही है।

Share This Article