Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

बलौदाबाजार जिले के सिमगा स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट हिरमी में किसानों के मुआवजा, रोजगार और वादाखिलाफी के मुद्दे पर ग्रामीणों का उग्र आंदोलन, प्लांट के गेटों पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।

चंद्रप्रकाश टोंडे- सिमगा। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के सिमगा स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र हिरमी के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश अब सड़क पर उतर आया है। किसानों के मुआवजा, स्थानीय युवाओं को रोजगार, प्रबंधन की वादाखिलाफी और लगातार अनदेखी जैसे मुद्दों को लेकर ग्रामीणों, किसानों और जनप्रतिनिधियों ने आंदोलन तेज कर दिया है। विगत 12 मई से जारी विरोध प्रदर्शन ने शुक्रवार को उग्र रूप ले लिया, जब सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने संयंत्र के विभिन्न गेटों के सामने चक्काजाम कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि, अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र हिरमी प्रबंधन लगातार क्षेत्र के किसानों, मजदूरों और स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि, उनकी मांगों को लेकर प्लांट प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अब तक तीन दौर की बैठक हो चुकी है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला, कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इसी के चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे से आंदोलन ने जोर पकड़ लिया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और युवतियां सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और प्लांट के अलग-अलग गेटों के सामने चक्काजाम कर दिया। इस प्रदर्शन के कारण प्लांट की गतिविधियां भी प्रभावित होती दिखीं।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर नजर आया। मौके पर सिमगा एसडीएम, सुहेला तहसीलदार, सीएसपी, थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। वहीं दोपहर करीब 1 बजे आंदोलनकारियों के प्रतिनिधिमंडल, प्लांट प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बातचीत शुरू हुई। अब सभी की नजर इस वार्ता के नतीजे पर टिकी है कि, आंदोलन समाप्त होगा या आगे और तेज होगा।



Share This Article