रायगढ़ नगर निगम में सलीम नियारिया बने कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष, 7 बार रह चुके हैं पार्षद

राजेन्द्र देवांगन
2 Min Read
Advertisement

रायगढ़ | 17 अप्रैल 2025

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को 10 नगर निगमों के नेता प्रतिपक्ष की घोषणा की, जिसमें रायगढ़ नगर निगम से वरिष्ठ कांग्रेस पार्षद सलीम नियारिया को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही विकास ठेठवार को उप नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है।


7 बार पार्षद रह चुके हैं सलीम नियारिया

वार्ड नंबर 17 से लगातार 7 बार पार्षद चुने गए सलीम नियारिया कांग्रेस के वरिष्ठ और लोकप्रिय चेहरों में गिने जाते हैं।

वे पहले भी सभापति की भूमिका निभा चुके हैं और अब पहली बार उन्हें नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी मिली है।


बिना नेता प्रतिपक्ष के हुई थी पहली बजट बैठक

नगरीय निकाय चुनाव के बाद भाजपा ने एमआईसी और सभापति की घोषणा कर दी थी, लेकिन कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष की घोषणा नहीं की गई थी।

इस कारण नगर निगम की पहली बजट बैठक नेता प्रतिपक्ष के बिना ही संपन्न हो गई थी, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पार्षदों में असंतोष था।


तीन नामों में सलीम पर लगी मुहर

नेता प्रतिपक्ष की रेस में जयंत ठेठवार, सलीम नियारिया और लक्ष्मीनारायण साहू का नाम चर्चा में था।

हालांकि, पिछली बार जयंत ठेठवार को सभापति बनाया गया था, जिससे इस बार संगठन ने संतुलन साधते हुए सलीम नियारिया को वरीयता दी।


अब विपक्ष को मिली मजबूत आवाज

सलीम नियारिया के चयन से कांग्रेस को नगर निगम में एक मजबूत विपक्षी आवाज मिलने की उम्मीद है।

उनके पास वर्षों का अनुभव और जनता के बीच मजबूत पकड़ है, जिससे वे सत्तापक्ष की नीतियों और कार्यों पर प्रभावशाली निगरानी रख सकेंगे।


Share This Article