रायपुर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, सीएम साय के साथ कई दिग्गज नेता शामिल
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में रायपुर में भाजपा का भव्य और ऐतिहासिक रोड शो आयोजित किया गया, जिसमें भारी संख्या में जनसमूह उमड़ पड़ा। यह रोड शो भनपुरी से शुरू होकर पूरे मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के उत्साह से सराबोर रहा।
जनता का जोशीला स्वागत, पुष्पवर्षा से सजी सड़कों पर उमड़ा उत्साह
सड़कों के दोनों ओर खड़े भाजपा समर्थकों और आम नागरिकों ने कमल के झंडे लहराते हुए मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। जगह-जगह फूलों की वर्षा और जयकारों से माहौल गूंज उठा। मुख्यमंत्री साय ने जनता के अभिवादन को स्वीकार करते हुए उनके समर्थन के लिए आभार जताया।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी से रोड शो में बढ़ी रौनक
इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, चुनाव सहसंचालक व विधायक राजेश मूणत, विधायक सुनील सोनी, मोतीराम साहू, पुरंदर मिश्रा और महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
रायपुर के विकास के लिए मांगा वोट, ट्रिपल इंजन सरकार का दिया भरोसा
मुख्यमंत्री साय ने जनसभा को संबोधित करते हुए महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे और सभी 70 वार्डों के पार्षद उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने कहा, “रायपुर के विकास की जिम्मेदारी हमें सौंपिए, हम शहर को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे और बेहतरीन सुविधाएं प्रदान करेंगे।” उन्होंने ट्रिपल इंजन सरकार के लाभों को रेखांकित किया।
आवास, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के लिए बड़े वादे
मुख्यमंत्री साय ने घोषणा की कि आने वाले वर्षों में 3 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने नगरीय निकायों के विकास के लिए 7,000 से 8,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की है।
- नजूल भूमि पर बसे परिवारों को मालिकाना हक देने के लिए नया कानून लाया जाएगा।
- महिलाओं के नाम पर संपत्ति कर में 25% की छूट दी जाएगी।
- समय पर बिजली बिल और संपत्ति कर भरने वालों को पीएम आवास योजना का लाभ मिलेगा।
- स्व-सहायता समूह की महिलाओं को ₹2.5 लाख तक का बिना गारंटी लोन मिलेगा।
- स्ट्रीट वेंडर्स को ₹30,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
- यूपीएससी पास करने वाले छात्रों को महापौर सम्मान निधि के तहत ₹1 लाख की सहायता दी जाएगी।
इस रोड शो ने रायपुर में भाजपा के जनाधार और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।

Editor In Chief