मध्य प्रदेश में भाजपा संगठन ने 1.5 करोड़ नए सदस्य बनाने का संकल्प लिया है। इसी दिशा में प्रदेश भाजपा 31 अगस्त को प्रत्येक बूथ पर संगठन पर्व कार्यशाला आयोजित करेगी। 25, 26 और 27 अगस्त को मंडल स्तर की तथा 28 और 29 अगस्त को शक्ति केंद्र स्तर की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
इसके बाद 31 अगस्त को प्रदेशर के सभी 64,523 बूथों पर ऐसी ही कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से पार्टी का सदस्यता अभियान में एक नया रिकॉर्ड बनाने पर फोकस है। इसके लिए जिलेवार प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने के लिए मेहनत
प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी जिलों में आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे हैं और नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने के लिए जीतोड़ मेहनत कर रहे हैं। आगामी चुनावों के मद्देनजर पार्टी राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान चलाएगी। इसके लिए नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है और इसे देशभर में अभियान के रूप में चलाया जा रहा है।
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी एक सितंबर से देश भर में सदस्यता अभियान चलाने जा रही है। इसी दिशा में संगठन पर्व कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। सदस्यता अभियान चार चरणों में चलाया जाएगा।
घर-घर जाकर भाजपा से जोड़ेंगे
पार्टी की योजना है कि अभियान का पहला चरण एक सितंबर से 25 सितंबर चलाया जाए। वहीं, दूसरा चरण एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक, तीसरा चरण के लिए 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इसमें कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को पार्टी से जोड़ने का काम करेंगे। इसी तरह एक नवंबर से 10 नवंबर तक अभियान का चौथा चरण चलाया जाएगा।