करतला रेंज में अचानक पहुंचा हाथियों का दल, जमकर मचाया उत्पात, ग्रामीणों में डर का माहौल
पंकज भरद्वाज-कोरबा। जिले के वनमंडल करतला रेंज में अचानक पहुंचे दंतैल ने बीती रात ग्राम पीडिय़ा में भारी उत्पात मचाते हुए चार किसानों की बाड़ी में लगे कटहल व गन्ना के पौधों को तहस-नहस कर दिया। वहीं कटघोरा वनमंडल के केंदई व एतमानगर रेंज में विचरण कर रहे हाथी शांत हैं। हाथियों की मौजूदगी रात में केंदई रेंज के बेलबंधा पहाड़ में बनी रही। यह दल रात्रि 8 बजे के लगभग पसान रेंज के बनिया व सेमरहा होते हुए बेलबंधा पहुंचा और वहीं डेरा जमा दिया। दूसरी ओर एतमानगर रेंज में घूम रहे 15 हाथियों के दल को मड़ई सर्किल के कटमोरगा जंगल में देखा गया। फिलहाल हाथियों के इस दल ने यहां कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है। लेकिन इसके उत्पात की संभावना को देखते हुए वन विभाग का अमला सतर्क हो गया है। दूसरी ओर दंतैल द्वारा ग्राम पीडिय़ा में किसानों के कटहल व गन्ना के पौधों को तहस-नहस करने की सूचना पर वन परिक्षेत्र करतला के अधिकारी व कर्मचारी आज सुबह मौके पर पहुंचे और हाथियों द्वारा किये गए नुकसानी का सर्वे करने के साथ ही रिपोर्ट तैयार की। जिसे डीएफओ प्रियंका पांडेय के समक्ष पेश किया जाएगा। रेंजर जीवन लाल भारती ने बताया कि दंतैल के उत्पात से प्रभावित हुए किसानों को वन विभाग की ओर से मुआवजा प्रदान किया जाएगा।


