गौरवपथ की सड़क को मिलेगी नई मजबूती,पेंच वर्क से पुनः शुरू हुआ कार्य,उसके बाद होगा डामरीकरण;नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला की पहल पर निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार

Jagdish Dewangan
3 Min Read
Advertisement

मुंगेली :- नगर के बहुप्रतीक्षित गौरवपथ निर्माण कार्य ने अब रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। सड़क की बदहाल स्थिति और उड़ती धूल से परेशान नगरवासियों एवं व्यापारियों को राहत दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को गौरवपथ में पेंच वर्क (गड्ढों की मरम्मत) का कार्य प्रारंभ किया गया। वहीं,बुधवार से सड़क पर बीटी (बिटुमिनस टॉपिंग) डामरीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। लंबे समय से निर्माण कार्य में हो रही देरी के बाद मरम्मत एवं डामरीकरण की प्रक्रिया शुरू होने से नगरवासियों में राहत की उम्मीद जगी है।

मंगलवार को कार्य प्रारंभ होने के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा,पार्षद विनय चोपड़ा,एल्डरमैन अमितेश विज्जु आर्य,मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी,इंजीनियर नेमीचंद वर्मा सहित ठेका कंपनी के कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।

गौरतलब है कि करोड़ों रुपये की लागत से गौरवपथ का निर्माण कराया जा रहा है,लेकिन निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी के कारण सड़क की स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई थी। सड़क पर उड़ती धूल से आसपास के व्यापारी, दुकानदार, राहगीर और आम नागरिक काफी परेशान थे। धूल के कारण दुकानों में रखे सामान प्रभावित हो रहे थे,वहीं आवागमन करने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

नगरवासियों की इस परेशानी को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा लंबित कार्य को जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मंगलवार से पेंच वर्क का कार्य शुरू किया गया है और बुधवार से बीटी डामरीकरण प्रारंभ करने की तैयारी है।

निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा होने की उम्मीद

गौरवपथ नगर की प्रमुख सड़कों में से एक है और इसका निर्माण नगर की सुंदरता एवं यातायात व्यवस्था की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब पेंच वर्क के बाद बीटी डामरीकरण शुरू होने से लोगों को उम्मीद है कि सड़क की स्थिति में जल्द सुधार होगा और लंबे समय से उड़ती धूल से परेशान व्यापारियों एवं आम नागरिकों को राहत मिलेगी। हालांकि,नगरवासियों की अपेक्षा है कि संबंधित ठेका कंपनी निर्माण कार्य को तेजी के साथ-साथ निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप पूरा करे,ताकि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हो रहा गौरवपथ वास्तव में नगर के विकास की पहचान बन सके।

Share This Article
संपादक - जगदीश देवांगन