रायपुर | अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन (ABPA) छत्तीसगढ़ राज्य की एक महत्वपूर्ण बैठक दिनांक 08 अगस्त 2026 को दोपहर 12:00 बजे छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार फार्मासिस्ट अश्वनी गुर्देकर के साथ आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के फार्मासिस्टों के अधिकार, रोजगार, फार्मेसी कैडर, कार्यशालाओं और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ABPA छत्तीसगढ़ की ओर से प्रदेश प्रभारी डॉ. पंकज मसीह, प्रदेश अध्यक्ष फार्मासिस्ट संतोष यादव, प्रदेश प्रवक्ता एवं आईटी सेल प्रभारी सुश्री वंदना देवांगन, प्रदेश महासचिव फार्मासिस्ट हेमंत मिश्रा तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष फार्मासिस्ट एजाज अंसारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने रजिस्ट्रार के समक्ष फार्मासिस्टों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से रखा। इसमें प्रदेश में रिक्त फार्मासिस्ट पदों पर शीघ्र भर्ती, फार्मेसी कैडर का गठन, योग्य फार्मासिस्टों को रोजगार के बेहतर अवसर, कार्य के अनुरूप सम्मानजनक वेतन एवं सेवा शर्तें सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इसके साथ ही मरीजों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से दवाओं के उचित रख-रखाव (Drug Storage), दवाओं के सुरक्षित उपयोग, एडवर्स ड्रग रिएक्शन (ADR) की रिपोर्टिंग और जागरूकता बढ़ाने पर भी विस्तृत चर्चा हुई। फार्मेसी कार्यशालाओं के नियमित आयोजन पर भी सहमति और आवश्यकता व्यक्त की गई, ताकि फार्मासिस्टों का ज्ञान और कौशल लगातार विकसित हो सके।
बैठक के अंत में अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ राज्य की ओर से रजिस्ट्रार अश्वनी गुर्देकर जी को फार्मासिस्टों की मांगों एवं हितों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने आग्रह किया कि फार्मासिस्टों के अधिकारों, रोजगार, कैडर गठन और उचित वेतन संबंधी मांगों पर सकारात्मक एवं शीघ्र कार्रवाई की जाए, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक सशक्त हो तथा आम मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ ने कहा कि संगठन प्रदेश के सभी फार्मासिस्टों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए हर स्तर पर सकारात्मक पहल जारी रखेगा।
“जहां दवा, वहां फार्मासिस्ट” — यही सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था की पहचान है।
फार्मासिस्टों के अधिकार, रोजगार और फार्मेसी कैडर को लेकर ABPA छत्तीसगढ़ ने रजिस्ट्रार को सौंपा ज्ञापन
Editor In Chief











