
मुंगेली, 13 जुलाई 2026// खरीफ मौसम 2026 की शुरुआत के साथ ही जिले में किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले खाद एवं बीज की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग सक्रिय हो गया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि के मार्गदर्शन में जिलेभर में खाद-बीज के भंडारण, वितरण और निगरानी का कार्य लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में विगत दिन लोरमी क्षेत्र के किसान मितान कृषि केंद्र, कृषि एजेंसी एंड ट्रेडिंग, नितीन कृषि केंद्र, राजपूत कृषि केंद्र, पटेल कृषि केंद्र तथा गोड़खाम्ही के किशोर खाद भंडार, बोड़तराकला सेवा सहकारी समिति, बरछा किसान सेवा केंद्र और झगरहट्टा स्थित श्री किशोरी कृपा कृषि केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि उन्हें निर्धारित दर पर यूरिया और एनपीके उर्वरक आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं। इस दौरान कृषि केंद्र संचालकों को पात्र किसानों को शासन द्वारा निर्धारित दर पर ही उर्वरकों का विक्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण दल में जिला उर्वरक निरीक्षक मनहरण कुर्रे, संजय कुमार सोनवानी, योगेश दुबे, श्रीमती निरजा कुलकर्णी एवं हेमंत लाहौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



