कलेक्टर ने पंडरिया एनएच निर्माण कार्य का किया औचक निरीक्षण सड़क पर धूल और नाली निर्माण में लापरवाही पर जताई नाराजगी  इंजीनियर व ठेकेदार को लगाई कड़ी फटकार, आवागमन सुचारु रखने के दिए निर्देश इंजीनियर व ठेकेदार को लगाई कड़ी फटकार, आवागमन सुचारु रखने के दिए निर्देश

Jagdish Dewangan
2 Min Read

मुंगेली, 14 जुलाई 2026// कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने पंडरिया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के निर्माणाधीन कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क पर अत्यधिक धूल, अव्यवस्थित यातायात तथा रोड किनारे नाली निर्माण में हो रही देरी पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद संबंधित इंजीनियर को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा सड़क किनारे नाली निर्माण तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना भी निर्माण एजेंसी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। निर्माण कार्य के दौरान लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी के ठेकेदार को भी फटकार लगाई और सड़क पर उड़ रही धूल को नियंत्रित करने के लिए नियमित पानी का छिड़काव, आवश्यक सुरक्षा संकेतक लगाने तथा यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ-साथ आमजन की सुविधा और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित इंजीनियरों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, नगर पालिका सीएमओ  होरी सिंह ठाकुर, एनएच के ईई  रविन्द्र के. खांभरा तथा एनएच के सब इंजीनियर मौजूद रहे।

Share This Article
संपादक - जगदीश देवांगन