रायगढ़। जिले में अवैध धान भंडारण करने वाले कारोबारियों पर जिला प्रशासन की कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को खाद्य, राजस्व और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न गोदामों की जांच की, जहां दो व्यापारियों के यहां 220 बोरी यानी करीब 88 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया।
जानकारी के अनुसार, लैलूंगा ब्लॉक अंतर्गत पंजीकृत सात व्यापारियों के गोदामों पर जांच की गई। इनमें छह जगह स्टॉक सही या खाली मिला, जबकि मुकडेगा तहसील के बैसकीमुड़ा में फुटकर व्यापारी रमेश बेहरा के गोदाम से 150 बोरी (करीब 60 क्विंटल) धान जब्त किया गया। वहीं ग्राम कमरगा में व्यापारी बिहारी लाल गुप्ता के गोदाम से 70 बोरी (28 क्विंटल) अवैध धान मिला।
संयुक्त टीम ने दोनों व्यापारियों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
फूड इंस्पेक्टर खुशी नायक ने बताया कि राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम लगातार जिलेभर में अवैध धान भंडारण व परिवहन पर निगरानी रख रही है। शुक्रवार की इस कार्रवाई में भी टीम ने दो जगहों से अवैध स्टॉक जब्त कर प्रशासनिक रिपोर्ट तैयार की है।

