दुर्ग नसबंदी कांड: दो महिलाओं की मौत के बाद कांग्रेस ने बनाई जांच समिति, पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया को सौंपी जिम्मेदारी

राजेंद्र देवांगन
2 Min Read

दुर्ग। जिला अस्पताल में नसबंदी ऑपरेशन के बाद दो महिलाओं की मौत के मामले ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद अब कांग्रेस ने अपनी ओर से एक 6 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है, जिसकी अध्यक्षता पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया करेंगी।

समिति में पूर्व विधायक अरुण वोरा, बालोद से विधायक संगीता सिन्हा, डोंगरगढ़ की विधायक हर्षिता बघेल, पूर्व विधायक छन्नी साहू और पूर्व महापौर नीता लोधी शामिल हैं। यह समिति पूरे मामले की गहन जांच कर पार्टी नेतृत्व को रिपोर्ट सौंपेगी।

क्या था मामला

8 नवंबर को दुर्ग जिला अस्पताल में नसबंदी ऑपरेशन के दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई थी। मृतकों में बजरंग नगर निवासी पूजा यादव (27) और सिकोला भाटा निवासी किरण यादव शामिल थीं। पूजा यादव की तबीयत ऑपरेशन के बाद अचानक बिगड़ गई थी, जबकि किरण यादव की हार्टबीट रुकने से मौत हो गई।

जिला अस्पताल प्रशासन ने तत्काल जांच प्रारंभ कर दी थी। उस दिन कुल 9 महिलाओं की नसबंदी हुई थी, जिनमें से 7 महिलाएं स्वस्थ हैं।

पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार दोनों महिलाओं की मौत का कारण आमाशय में पानी भरना पाया गया है। प्रारंभिक जांच में दवाओं या इंजेक्शनों में खामी की पुष्टि नहीं हुई है। अब तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई तय की जाएगी।

दोनों मृतकों के परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी स्वतंत्र स्तर पर जांच कर रहे हैं।

Share This Article
राजेंद्र देवांगन (प्रधान संपादक)