देशभर में कड़ाके की ठंड, कई राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप

राजेन्द्र देवांगन
3 Min Read

हैदराबाद। देश के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी का असर जारी है। शुक्रवार तड़के घने कोहरे के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) शून्य के करीब पहुंच गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में हालात बेहद खराब हैं। वहीं, शीतलहर ने लोगों को घरों में दुबकने के लिए मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, कुछ राज्यों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जिससे जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

मौसम विभाग का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग ने शीतलहर और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही लगातार बर्फबारी से ठंड और बढ़ गई है। हालांकि, बर्फबारी के चलते इन इलाकों में सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है और लोग इस ठंडे मौसम का आनंद उठा रहे हैं।

मैदानी इलाकों में गिर रहा तापमान

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी ठंड का कहर जारी है। घने कोहरे और शीतलहर के चलते तापमान तेजी से गिर रहा है। कई जगहों पर पारा 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, सप्ताह के अंत तक बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में शीतलहर के साथ-साथ बारिश और बर्फबारी की आशंका बनी हुई है।

दिल्ली के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी

राजधानी दिल्ली में भी ठंड अपने चरम पर है। मौसम विभाग ने यहां ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और अगले कुछ दिनों तक इसी तरह के मौसम की संभावना जताई है। उत्तर प्रदेश में भी शीतलहर का असर दिख रहा है, जहां ठंड से लोग बेहाल हैं। कई जिलों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं।

अगले 24 घंटों में मौसम का पूर्वानुमान

आईएमडी के मुताबिक, अगले 24 घंटों में सर्दी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और मध्य प्रदेश में हल्की बारिश भी हो सकती है। खराब मौसम के चलते ट्रांसपोर्ट व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। घने कोहरे और सर्दी के कारण ट्रेनें और फ्लाइट्स देरी से चल रही हैं। रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि सड़कों पर भी यातायात प्रभावित हुआ है।

 

Share This Article