बैज बोले-धान बोने पर किसानों को मिल रही धमकी: PCC चीफ ने कहा-₹50 हजार प्रति एकड़ जुर्माने की मुनादी, कलेक्टर्स ने दिए हैं मौखिक आदेश

राजेन्द्र देवांगन
3 Min Read

छत्तीसगढ़ में रबी सीजन में धान की खेती को लेकर सियासत जारी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रबी सीजन में धान की खेती को लेकर कहा कि कलेक्टर गांव-गांव में मुनादी कराकर किसानों को रबी फसल में धान लेने पर कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं।

बैज ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और सरकार की बिना जानकारी के गांवों में मुनादी कैसे करवाई जा रही है, सरकार सबसे पहले ये बताए।कोटवारों से करवा रहे मुनादी बैज ने कहा किसान विरोधी BJP सरकार रबी फसल में धान बोने वाले किसानों को हतोत्साहित कर रही है।

धमतरी, राजनांदगांव और रायपुर जिले में गांव-गांव में मुनादी कराकर धान की फसल नहीं लेने के लिए किसानों को धमकाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के इशारे पर अधिकारी मौखिक आदेश देकर अघोषित तौर रबी सीजन में धान के किसानों पर 50 हजार रुपए प्रति एकड़ का भारी भरकम जुर्माना लगाने की धमकी किसानों को दी जा रही है।

किसानों को धमकाना गलत

दीपक बैज ने कहा है कि खेत और मौसम के अनुकूल फसल का चयन करना किसानों का अधिकार है। रबी सीज़न में धान के किसानों को धमकाना गलत है। छत्तीसगढ़ के किसानों के साथ अन्याय है। अक्टूबर से दिसंबर के मध्य में रबी फसलों की बुवाई होती है। खाद की भी कमी से परेशान हैं किसान भाजपा सरकार की अकर्मण्यता के चलते छत्तीसगढ़ के किसान रबी फसल की बुवाई में डीएपी खाद के अनुपलब्धता के चलते पहले ही परेशान हैं।

अब धान नहीं लगाने के तुगलकी फरमान से किसानों पर दोहरी मार पड़ी है। टोकन एप भी ठप बैज ने कहा है कि भाजपा की सरकार चुनावी लाभ के लिए 21 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से खरीदी का वादा तो कर दी है, लेकिन खरीदी के अपने दायित्व से बचना चाहती है।

टोकन जारी करने के लिए बनाए गए “टोकन तुहर हाथ“ ऐप ठीक से काम नहीं कर रहा है, आए दिन सर्वर की समस्या जग जाहिर है। गिरदावरी में जो षड़यंत्र पूर्वक हेरफेर किया गया है, किसान उससे भी व्यथित हैं। बैज ने कहा कि कई जगहों पर फर्जी आनावरी रिपोर्ट मंगाकर 21 क्विंटल के स्थान पर मात्र 16 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से खरीदी की जा रही है, जिसके खिलाफ़ कल टेमरी के किसानों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। अब रबी फसल में धान नहीं बोने की धमकी देना भाजपा के किसान विरोधी षड्यंत्र को प्रमाणित करता है।

Share This Article