बलौदा बाजरा में बुजुर्ग की हत्या: पटाखा फोड़ने से मना करने पर पिता-पुत्र की जोड़ी ने पीटा, गुस्साए ग्रामीणों ने किया थाना घेराव

राजेन्द्र देवांगन
2 Min Read
Advertisement

बलौदाबाजार में पटाखा फोड़ने से मना करने पर पिता-पुत्र की जोड़ी ने एक बुजुर्ग की हत्या कर दी। मामला पलारी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 2 नवंबर की शाम बुजुर्ग जगन्नाथ घृतलहरे अपने पोते के साथ गोवर्धन पूजा देखने अमेरा गांव पहुंचे थे।

इस दौरान राकेश सोनवानी और उनका नाबालिग बेटा आतिशबाजी कर रहे थे। जगन्नाथ ने छोटा बच्चा साथ में होने का हवाला देते हुए दोनों को पटाखा फोड़ने से मना किया। इस बात से नाराज होकर दोनों पिता-पुत्र ने जगन्नाथ की पिटाई कर दी।जिसके बाद गंभीर रूप से घायल जगन्नाथ को पलारी अस्पताल लाया गया।

यहां से गंभीर हालत में उन्हें बलौदाबाजार और फिर रायपुर रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद ग्रामीण और परिवार के लोगों ने जगन्नाथ का शव लेकर थाना घेराव कर दिया।ग्रामीणों का कहना है कि जगन्नाथ परिवार में इकलौते कमाने वाले थे।

उनकी मृत्यु के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा जाएगा। ऐसे में ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।थाना प्रभारी केशर पराग बंजारा ने बताया कि इस मामले में आरोपी राकेश सोनवानी और उनके नाबालिग बेटे को जेल भेज दिया है। पूरे मामले की खुद जांच वो खुद कर रहे हैं।

Share This Article