नाबालिग की जेब में फटा मोबाइल, अस्पताल में भर्ती

राजेन्द्र देवांगन
2 Min Read
Advertisement

रायगढ़। रायगढ़ में एक 15 वर्षीय नाबालिग के जेब में रखा मोबाइल फोन अचानक ब्लास्ट हो गया, जिससे वह बेहोश हो गया। नाबालिग को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी के अनुसार, रायगढ़ में दशहरे के बाद दुर्गा विसर्जन की झांकी के लिए ओडिशा से बाजे वाली टीम बुलाई गई थी। उसी टीम के एक सदस्य उमाकांत सोना का नाबालिग भांजा अपनी जेब में एमआई कंपनी का मोबाइल फोन लेकर घूम रहा था। सुबह अचानक उसकी जेब से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते मोबाइल में विस्फोट हो गया। विस्फोट के कारण नाबालिग का पैंट जल गया और उसके हाथ की उंगली में चोट आई। धुएं के कारण वह बेहोश हो गया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

नाबालिग के मामा उमाकांत सोना ने बताया कि वे ओडिशा से प्रोग्राम के लिए रायगढ़ आए थे, और उनका भांजा भी उनके साथ घूमने के लिए आया था। अचानक मोबाइल गर्म होकर फट गया, जिससे वह बेहोश हो गया।

फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में नाबालिग का इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। मोबाइल ब्लास्ट की इस घटना से क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता का माहौल है।

Share This Article