बिलासपुर : कलेक्टर कार्यालय के नाम से जारी नियुक्ति आदेश पर उठे सवाल, विभाग ने बताया फर्जी

राजेन्द्र देवांगन
2 Min Read

बिलासपुर। कलेक्टर कार्यालय बिलासपुर के स्थापना शाखा के नाम से जारी एक कथित नियुक्ति आदेश को लेकर मामला सामने आया है। दस्तावेज में दैनिक वेतन श्रेणी के पद पर नियुक्ति से संबंधित आदेश जारी होने का उल्लेख किया गया है। हालांकि, विभागीय स्तर पर इस आदेश को कार्यालय द्वारा जारी किए जाने से साफ इनकार किया गया है।



प्राप्त दस्तावेज में राजेश कुमार दुबे के पुत्र को कार्यालय कलेक्टर, जिला बिलासपुर की स्थापना शाखा में दैनिक वेतन श्रेणी के पद पर रखे जाने का उल्लेख दिखाई देता है। दस्तावेज पर कलेक्टर कार्यालय की मुहर एवं हस्ताक्षर भी प्रदर्शित हैं।

मामले की पुष्टि के लिए विभागीय अधिकारी से जानकारी ली गई। विभागीय अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार उन्होंने बताया कि उक्त नियुक्ति हमारे कार्यालय से नहीं हुई है। अधिकारी के अनुसार कार्यालय के रिकॉर्ड में ऐसी कोई नियुक्ति जारी किए जाने की जानकारी नहीं है।



विभागीय अधिकारी के इस बयान के बाद उक्त नियुक्ति आदेश की प्रमाणिकता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रथम दृष्टया दस्तावेज के कार्यालय से जारी नहीं होने की बात सामने आने के बाद यह जांच का विषय है कि यह कथित नियुक्ति आदेश किसने तैयार किया और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया गया।

मामले में यदि दस्तावेज को कलेक्टर कार्यालय का वास्तविक आदेश बताकर किसी व्यक्ति को लाभ पहुंचाने अथवा नियुक्ति प्राप्त करने का प्रयास किया गया है, तो इसकी जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

फिलहाल विभागीय स्तर से उक्त नियुक्ति को कार्यालय द्वारा जारी नहीं किए जाने की बात कही गई है। मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article