बिलासपुर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष पद सहित विभिन्न पदों के लिए आज शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हुआ। सुबह से अधिवक्ताओं में मतदान को लेकर उत्साह देखा गया और शाम 5 बजे तक मतदान की प्रक्रिया जारी रही। बड़ी संख्या में अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्र पहुंचे।
पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर वाजपेई ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है और उन्हें अधिवक्ता संघ के सभी सदस्यों पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि इस बार भी अधिवक्ताओं का आशीर्वाद उन्हें मिलेगा और वे जीत दर्ज करेंगे।

इस चुनाव में अध्यक्ष पद समेत विभिन्न पदों के लिए 56 से अधिक प्रत्याशी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला काफी रोचक माना जा रहा है। अध्यक्ष पद के लिए चंद्रशेखर वाजपेई के अलावा अनुराग वाजपेई भी प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं।
अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं। चुनाव अधिकारियों के अनुसार मतों की गिनती कल सुबह 10 बजे से शुरू होगी, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे और जिला अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी का फैसला सामने आएगा।
फिलहाल अधिवक्ता संघ के सदस्यों और प्रत्याशियों के बीच परिणाम को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। कल मतगणना के बाद यह साफ हो जाएगा कि जिला अधिवक्ता संघ की कमान अगले कार्यकाल के लिए किसके हाथों में जाएगी।

