विश्व जनसंख्या दिवस पर एनएसएस स्वयंसेवकों ने लिया जनजागरूकता एवं स्वच्छता का संकल्प

Jagdish Dewangan
2 Min Read


फास्टरपुर, मुंगेली | 11 जुलाई 2026
शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, फास्टरपुर (जिला मुंगेली, छत्तीसगढ़) में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई फास्टरपुर द्वारा विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जनसंख्या जागरूकता, शपथ ग्रहण एवं स्वच्छता अभियान का सफल आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ विश्व जनसंख्या दिवस की शपथ के साथ हुआ। तत्पश्चात विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य डॉ. पूर्णिमा मिश्रा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए जनसंख्या संतुलन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के विषय में प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में जागरूकता फैलाने एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रामबाबू मिश्र ने विश्व जनसंख्या दिवस के महत्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए बढ़ती जनसंख्या के सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेवकों को जनसंख्या नियंत्रण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा दी। उनके नेतृत्व में स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान भी संचालित किया गया, जिसमें सभी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ व्याख्याता , श्रीमती कमलेश भास्कर ,नरेंद्र काठले,कविता उपाध्याय,सहित विद्यालय के समस्त व्याख्याताओं ने स्वयंसेवकों के अनुशासित एवं सेवा-भाव से किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के समापन पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रामबाबू मिश्र ने उपस्थित प्राचार्य, समस्त शिक्षकों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Share This Article
संपादक - जगदीश देवांगन