बिजली बिल बकायादारों को बड़ी राहत, समाधान योजना से मिल रही भारी छूट

Jagdish Dewangan
3 Min Read

शिविरों के माध्यम से वार्डों एवं ग्राम पंचायतों में पहुंच रही योजना, हजारों उपभोक्ता हो रहे लाभान्वित

मुंगेली, 23 मार्च 2026// राज्य शासन द्वारा लागू मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 के अंतर्गत जिले के विद्युत उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल में बड़ी राहत प्रदान की जा रही है। इस योजना का शुभारंभ 12 मार्च 2026 को किया गया है, जिसका उद्देश्य लंबित बिजली बिलों के भुगतान को आसान बनाना एवं उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत देना है। योजना के तहत बीपीएल, घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को बकाया राशि में उल्लेखनीय छूट दी जा रही है। बीपीएल उपभोक्ताओं को मूल राशि में 75 प्रतिशत तक तथा अधिभार में 100 प्रतिशत छूट प्रदान की जाएगी। वहीं घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को मूल राशि में 50 प्रतिशत तथा अधिभार में पूर्ण 100 प्रतिशत छूट का लाभ मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, 31 मार्च 2023 की स्थिति के अनुसार बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं को अवधि के आधार पर भी छूट का प्रावधान किया गया है। 5 वर्ष से अधिक अवधि वाले बकायों पर 75 प्रतिशत तक तथा 1 से 5 वर्ष तक के बकायों पर 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी, साथ ही अधिभार पूर्णतः माफ रहेगा। योजना में भुगतान के लिए लचीले विकल्प भी दिए गए हैं। उपभोक्ता एकमुश्त भुगतान करने पर अतिरिक्त लाभ प्राप्त कर सकते हैं, वहीं किश्तों में भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। पंजीकरण के समय निर्धारित प्रतिशत राशि जमा कर योजना का लाभ लिया जा सकता है। विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मुंगेली जिले के तीनों विकासखंडों में सक्रिय रूप से कार्य करते हुए वार्डों एवं ग्राम पंचायतों में शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को योजना का लाभ प्रदान कर रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक इस योजना की पहुंच सुनिश्चित हो रही है।
योजना का लाभ लेकर कई उपभोक्ताओं ने राहत महसूस की है, इनमें जिले के देवांगन समाज भवन का 24 हजार से अधिक का बकाया था। समाज के अध्यक्ष श्री आनंद देवांगन ने बताया कि योजना के तहत उन्हें 08 हजार से अधिक की छूट मिली। इसी तरह राजेंद्र वार्ड निवासी मकबूल खान का 44 हजार से अधिक का बकाया था, जिसमें उन्हें 18 हजार से अधिक की छूट प्राप्त हुई। ग्राम करही निवासी आनंद मोहले का 39 हजार से अधिक का बकाया था, जिसमें उन्हें 16 हजार से अधिक की छूट मिली। सरदार पटेल वार्ड निवासी मथुरा प्रसाद पटेल का 42 हजार से अधिक का बकाया था, जिसमें 14 हजार से अधिक की राहत मिली। सोनवरी निवासी भूषण कुमार का 35 हजार से अधिक का बकाया था, जिसमें उन्हें 16 हजार से अधिक की छूट का लाभ मिला। सभी हितग्राहियों ने योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Share This Article
संपादक - जगदीश देवांगन