मुंगेली/नगर में गैस सिलेंडर की कमी की फैल रही अफवाहों को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला स्वयं मैदान में उतरे और आम जनता के बीच पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित एजेंसियों से चर्चा कर वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।
इसी कड़ी में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला शिवपुर स्थित गैस गोदाम पहुंचे। वहां उन्होंने गैस एजेंसी संचालक और कर्मचारियों से बातचीत की। एजेंसी संचालकों ने बताया कि गैस सिलेंडर की किसी प्रकार की कमी नहीं है और उनके पास आम उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
कर्मचारियों ने यह भी बताया कि इन दिनों नेटवर्क संबंधी समस्या के कारण उपभोक्ताओं को बुकिंग और वितरण में थोड़ी परेशानी हो रही है। इसी वजह से लोग घबराकर गैस लेने के लिए अधिक संख्या में पहुंच रहे हैं,जिससे अनावश्यक भीड़ की स्थिति बन रही है।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि नगर में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। सभी उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है,इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से परेशान न हों।
उन्होंने कहाकि प्रशासन और संबंधित एजेंसियां पूरी तरह से सक्रिय हैं और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो,इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों से भी सहयोग की अपेक्षा है ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।

