मध्य प्रदेश के घने जंगलों में छिपे नक्सलवाद के एक और अध्याय का अंत सुरक्षाबलों ने गोलियों की गूंज के साथ कर दिया। बालाघाट जिले के सुपखार वन रेंज जो कान्हा नेशनल पार्क से सटा इलाका है, वहां सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई में चार कुख्यात महिला नक्सली मारी गईं। इन सभी पर कुल 62 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
सुपखार के जंगलों में 62 लाख की इनामी चार महिला नक्सली ढेर
बता दें कि खुफिया इनपुट के आधार पर गठित विशेष सुरक्षा दल ने जंगलों की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच यह ऑपरेशन अंजाम दिया। मुठभेड़ के दौरान हुई भीषण गोलीबारी में चारों महिला नक्सलियों को ढेर कर दिया गया। घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और नक्सली साहित्य बरामद किया गया है।
क्या बोले एसपी?
घटना को लेकर एसपी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह हमारे लिए एक बड़ी सफलता है। ये सभी महिला नक्सली लंबे समय से वांछित थीं और इन पर राज्य सरकार ने लाखों रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। ऑपरेशन जारी रहेंगे, यह लड़ाई यहीं खत्म नहीं होती।
कौन थीं ये महिला नक्सली?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मारी गई महिला नक्सलियों में दो छत्तीसगढ़ और एक महाराष्ट्र से संबंधित थीं। ये सभी सुरक्षा बलों पर हमले, ग्रामीणों में दहशत फैलाने, अवैध वसूली और जन अदालतें लगाने जैसी गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल थीं। बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाइयों के चलते नक्सली संगठन कमजोर हो रहे हैं। हाल के महीनों में कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, वहीं मुठभेड़ों में कई मारे जा चुके हैं।