इंदौर: मंदिर परिसर से भगवा झंडे हटाए जाने पर बवाल, हिंदू संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी

Babita Sharma
3 Min Read

इंदौर। विजय नगर क्षेत्र के बीसीएम हाइट्स के पीछे स्थित मंदिर परिसर में हनुमान जयंती के अवसर पर लगाए गए भगवा झंडे नगर निगम कर्मचारियों द्वारा हटाए जाने के बाद विवाद गहरा गया है। स्थानीय रहवासियों और हिंदू संगठनों ने इस कार्रवाई को आस्था पर चोट बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। वहीं, नगर निगम अधिकारियों ने इसे “समन्वय की कमी” का नतीजा बताया है।

सीसीटीवी फुटेज से हुई पुष्टि, आक्रोश चरम पर

हिंदू संगठन के नेताओं मानसिंह, कृष्णा वाघ और राजावत ने आरोप लगाया कि निगम के जोनल अधिकारी के निर्देश पर सीएसआई वीरेंद्र चौहान और अन्य कर्मचारियों ने मंदिर परिसर से भगवा ध्वज हटवाए। इसकी पुष्टि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से भी हो चुकी है। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि झंडे तत्काल पुनः नहीं लगाए गए तो नगर निगम का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

निगम अधिकारी बोले- हुई गलती, स्थिति सुधारने का प्रयास

मामले पर सफाई देते हुए जोन-22 के जोनल अधिकारी शिवलाल यादव ने कहा कि निचले स्तर पर नगर निगम कर्मचारियों और एनजीओ के बीच समन्वय की कमी के चलते यह गलतफहमी हुई। उन्होंने दावा किया कि निगम की ओर से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है और झंडे पुनः लगाने की प्रक्रिया चल रही है।

हिंदू संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी

नगर निगम की सफाई को हिंदू संगठनों ने सिरे से खारिज करते हुए साफ शब्दों में कहा कि भगवा झंडा केवल कपड़ा नहीं, बल्कि हिंदू धर्म और अस्मिता का प्रतीक है। संगठन नेताओं ने मांग की है कि निगम अधिकारी सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और झंडे फिर से उसी स्थान पर स्थापित किए जाएं। यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे व्यापक जन आंदोलन छेड़ने को तैयार हैं।

धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ पर गहरा आक्रोश

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थान से भगवा झंडे हटाना सीधे-सीधे धार्मिक भावनाओं का अपमान है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका आरोप है कि नगर निगम की कार्रवाई में कहीं न कहीं “सांस्कृतिक पहचान को मिटाने” का प्रयास नजर आता है।

अब सबकी निगाहें नगर निगम के अगले कदम पर

इंदौर में धार्मिक आस्था से जुड़े इस प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है। अब देखना यह है कि नगर निगम स्थिति को शांत करने के लिए क्या कदम उठाता है या फिर यह विवाद और भी गहरा होता है। आने वाले दिनों में विजय नगर क्षेत्र में माहौल और गरमाने के पूरे आसार हैं।

Share This Article
ब्यूरो चीफ - मध्यप्रदेश