दीपक म्हस्के ने संभाला CGMSC अध्यक्ष पद, भाजपा ने जताया भरोसा – कांग्रेस ने उठाए खर्च पर सवाल

राजेन्द्र देवांगन
3 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSCL) के नए अध्यक्ष के रूप में भाजपा प्रवक्ता दीपक म्हस्के ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण कर लिया। रायपुर मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि CGMSCL की स्थापना डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में दूरस्थ इलाकों में दवा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए की गई थी, लेकिन कांग्रेस शासनकाल में यह संस्था घोटालों का केंद्र बन गई। अब भाजपा सरकार इसे दोबारा प्रभावी और पारदर्शी बनाएगी।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने म्हस्के को जिम्मेदारी सौंपते हुए उम्मीद जताई कि वे कॉर्पोरेशन की पहले जैसी छवि बहाल करेंगे और दवा आपूर्ति की पारदर्शिता सुनिश्चित करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने म्हस्के को तकनीकी रूप से सक्षम बताया और भरोसा जताया कि वे अपने अनुभव से विभाग के कामकाज में नई ऊर्जा लाएंगे।

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कांग्रेस शासन के दौरान हुए कथित घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने 15 महीने में ही सिस्टम को पारदर्शी बनाना शुरू कर दिया है।

पदभार ग्रहण करते हुए दीपक म्हस्के ने प्रधानमंत्री मोदी के “विकसित भारत” विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि वे प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं और अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

कांग्रेस ने साधा निशाना, खर्च को बताया आर्थिक अपराध

इस समारोह को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि मनोनीत पदों पर केवल कार्यभार ग्रहण होता है, न कि ऐसा राजनीतिक इवेंट जिसमें लाखों-करोड़ों का खर्च हो। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, सरकारी अस्पतालों में दवाएं नहीं हैं, एनएचएम कर्मचारी वेतन के इंतजार में हैं, तब ऐसे भव्य आयोजनों का खर्च कहां से उठाया जा रहा है?

वर्मा ने सरकार से मांग की कि समारोह में हुए सभी खर्चों की जानकारी सार्वजनिक की जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि किस विभाग से बजट लिया गया।

Share This Article