बीजेपी की ऐतिहासिक जीत, कांग्रेस का सूपड़ा साफ
छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 10 में से 10 नगर निगमों पर कब्जा जमाकर इतिहास रच दिया है। कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा और एक भी नगर निगम पर जीत दर्ज नहीं कर सकी।
रायपुर में मीनल चौबे ने रचा इतिहास
रायपुर नगर निगम से बीजेपी महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे ने 1 लाख 53 हजार 290 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। उन्हें कुल 3,15,835 वोट मिले। इससे पहले वे नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष और तीन बार पार्षद रह चुकी हैं।
कोरबा में भाजपा का जलवा, संजू देवी राजपूत की शानदार जीत
कोरबा नगर निगम चुनाव में भी भाजपा ने दमदार प्रदर्शन किया। भाजपा प्रत्याशी संजू देवी राजपूत ने महापौर पद पर जीत हासिल की।
प्रदेश में बीजेपी का दबदबा, सीएम विष्णुदेव साय ने जताया आभार
नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत चुनावों में भी बीजेपी ने विधानसभा चुनाव की तरह जबरदस्त जीत दर्ज की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की जनता का आभार जताते हुए इसे जनता का भाजपा पर विश्वास बताया। हालांकि, उनकी नगर पंचायत कुनकुरी में कांग्रेस ने जीत दर्ज कर भाजपा को चौंका दिया। यहां कांग्रेस प्रत्याशी विनयशील गुप्ता ने 81 वोटों से जीत हासिल की।
रायपुर के 70 में से 60 वार्डों पर बीजेपी का कब्जा
रायपुर नगर निगम के 70 वार्डों में से 60 वार्डों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की। कांग्रेस को केवल 7 वार्डों में संतोष करना पड़ा, जबकि 3 वार्डों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे।
10 में से 10 नगर निगमों पर बीजेपी की जीत
बीजेपी ने रायपुर, दुर्ग, रायगढ़, चिरमिरी, धमतरी, राजनांदगांव, अंबिकापुर, जगदलपुर और कोरबा नगर निगमों में महापौर पद पर जीत हासिल कर कांग्रेस का पूरी तरह सफाया कर दिया।