प्रदेश में रिकॉर्ड धान खरीदी: 149.25 लाख मीट्रिक टन धान का समर्थन मूल्य पर उपार्जन
छत्तीसगढ़ में 14 नवंबर 2024 से 31 जनवरी 2025 के बीच 149.25 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी की गई है। इस दौरान मोटा धान 81.98 लाख मीट्रिक टन, पतला धान 10.75 लाख मीट्रिक टन और सरना धान 56.52 लाख मीट्रिक टन खरीदा गया। यह आंकड़ा पिछले 24 वर्षों में सबसे अधिक है।
किसानों के खातों में ट्रांसफर हो रही बोनस राशि
प्रदेश सरकार ने किसानों से किया गया वादा निभाते हुए फरवरी महीने में बोनस वितरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। किसानों को प्रति क्विंटल 800 रुपए के हिसाब से बोनस दिया जा रहा है। सरकार ने जिला सहकारी बैंकों के माध्यम से किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर करना शुरू कर दिया है। बिलासपुर जिले में अब तक 1,436 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया जा चुका है, जबकि अन्य जिलों में भी राशि जारी की जा रही है।
25.49 लाख किसानों को मिलेगा 31 हजार करोड़ रुपए का भुगतान
प्रदेश के 25 लाख 49 हजार 592 पंजीकृत किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान बेचा है। इन किसानों को धान खरीदी के बदले अब तक लगभग 31,089 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त किसानों को प्रति क्विंटल 800 रुपए की दर से बोनस की राशि दी जा रही है।
बैंकों में स्टाफ की कमी से प्रभावित हो रही प्रक्रिया
नगरीय निकाय चुनाव के चलते जिला सहकारी बैंकों के कई कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव कार्य में लगाई गई है, जिससे बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ा है। इससे किसानों को बोनस की राशि निकालने में असुविधा हो सकती है। हालांकि, सरकार ने इस समस्या के समाधान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान: जल्द मिलेगा अंतर की राशि
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को आश्वस्त किया है कि धान खरीदी के आंकड़े आते ही अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम मोदी की गारंटी को पूरा कर रहे हैं। किसानों के खातों में लगभग 12,000 करोड़ रुपए की राशि जल्द ही जमा की जाएगी।” यह घोषणा किसानों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।