IED Blast : नक्सलियों द्वारा लगाए IED बम की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत, इलाके में दहशत का माहौल

राजेन्द्र देवांगन
2 Min Read
Advertisement

छत्तीसगढ़ः IED ब्लास्ट में ग्रामीण की दर्दनाक मौत, नक्सलियों की साजिश से गया जान

छत्तीसगढ़ के बस्तर में IED ब्लास्ट की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले की सरहद पर स्थित कोशलनार-2 गांव की है। सोमवार को गांव का रहने वाला मनारू अकाली (35) लकड़ी लेने जंगल की ओर गया था। लौटते समय वह एक पेड़ के नीचे ठहरा, जहां नक्सलियों ने प्रेशर IED बम दबा रखा था। जैसे ही ग्रामीण का पैर बम के संपर्क में आया, जोरदार धमाका हुआ और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना का विवरणः धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। ग्रामीणों ने शव को उठाकर गांव तक पहुंचाया। ब्लास्ट इतना तीव्र था कि मृतक के पैर समेत शरीर के अन्य अंगों के चिथड़े उड़ गए।

पुलिस की प्रतिक्रियाः बीजापुर के एएसपी चंद्रकांत गवर्णा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “यह नक्सलियों की कायराना हरकत है। IED बम फोर्स को निशाना बनाने के लिए लगाया गया था, लेकिन इसकी चपेट में निर्दोष ग्रामीण आ गया। मामले की जांच की जा रही है।”

ग्रामीणों में भय का माहौलः इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था और नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण की मांग की है।

Share This Article