शादी में गया परिवार, घर में लगी चपत, एक करोड़ कैश और सोने के 300 सिक्के चोरी, जानिए कहां का है मामला?

राजेन्द्र देवांगन
2 Min Read
Advertisement

एक घर से करोड़ों की चोरी का मामला सामने आया है। यह चोरी केरल के कन्नूर जिले में चोरों के एक गिरोह ने वाला पट्टनम में एक व्यवसायी के घर से की है। घर में घुसे चोरों ने एक करोड़ रुपये का कैश और सोने के 300 सिक्के चुरा लिए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

कन्नूर से मदुरै गया था परिवार

पुलिस के मुताबिक, चोरी की यह घटना उस समय हुई जब व्यवसायी और उसका परिवार एक विवाह समारोह में भाग लेने के लिए तमिलनाडु के मदुरै गए हुए थे। उन्होंने बताया कि चोरी का पता तब चला जब रविवार रात को व्यवसायी का परिवार घर लौटा और लॉकर में रखा कीमती सामान गायब पाया।

ग्रिल काटकर घर में घुसे चोर

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घर के सभी लोग 19 नवंबर से ही घर से बाहर थे। संदेह है कि चोरों ने रसोई की खिड़की की ग्रिल काटकर घर में प्रवेश किया। सीसीटीवी फुटेज में तीन लोगों को दीवार फांदकर घर में घुसते देखा जा सकता है।

चोरों को लिए गए फिंगरप्रिंट

पीड़ित परिवार के एक रिश्तेदार ने मीडिया को बताया कि नकदी, सोना और अन्य कीमती सामान आलमारी में बंद करके रखे गए थे। इसकी चाबी दूसरे कमरे में रखी गई थी। पुलिस और ‘फिंगरप्रिंट’ (अंगुलियों के निशान) लेने वाले विशेषज्ञों की एक टीम घर पहुंची और सुबूत एकत्र किए तथा आरोपियों को पकड़ने के लिए व्यापक तलाश अभियान चलाया गया है।

Share This Article