रतन टाटा के निधन पर देश में शोक की लहर; जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह समेत तमाम लोगों ने जताया दुख

राजेन्द्र देवांगन
4 Min Read

उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर देशभर में शोक की लहर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत देश की तमाम हस्तियों ने शोक जताया है। उद्योगपतियों में गौतम अदाणी, आनंद महिंद्रा सरीखे लोगों ने भी टाटा को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ करार दिया।

देश के लिए ये बहुत बड़ा नुकसान: सीएम फडणवीस
उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “रतन टाटा जी बहुत ही सफल उद्योगपति तो थे ही लेकिन उससे भी बड़े व्यक्ति के रूप में हम उन्हें देखते हैं। उन्होंने देश और समाज के लिए काम किया है। उन्होंने केवल सफल उद्योग नहीं बल्कि एक ऐसा ब्रांड खड़ा किया जिसने हमारे देश को एक वैश्विक पहचान दी… देश के लिए ये बहुत बड़ा नुकसान है।”

टाटा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत: सीएम धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, ‘भारत के प्रसिद्ध उद्योगपति श्री रतन टाटा जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उन्होंने देश की औद्योगिक प्रगति और सामाजिक विकास के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनका दृष्टिकोण, समर्पण और व्यावसायिक कुशलता न केवल टाटा समूह को नई ऊंचाइयों तक ले गई, बल्कि राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। उन्होंने रोजगार सृजन, समाज के सशक्तिकरण और नवाचार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।’

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा- भारत उन्हें बहुत याद करेगा
86 वर्षीय विभूति रतन टाटा के निधन पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा, भारतीय उद्योग जगत की एक महान हस्ती नहीं रही। उनका आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान भारत और उसके बाहर के उद्यमियों के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। गहरी प्रतिबद्धता और करुणा के धनी, उनके परोपकारी योगदान और उनकी विनम्रता उनके द्वारा अपनाए गए आदर्शों को सटीक रूप से दर्शाती है। भारतीय उद्योग जगत के ‘दिग्गज’ के रूप में एक स्थायी विरासत छोड़कर जाने के कारण, भारत उन्हें बहुत याद करेगा। मैं इस दुख की घड़ी में उनके परिवार, मित्रों, प्रशंसकों और पूरे टाटा समूह के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।

लोकसभा स्पीकर बिरला बोले
रतन टाटा के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा, ‘भारत ने आज एक ऐसे महान उद्योगपति और उपाधि को खो दिया, न केवल भारतीय उद्योग जगत को नई ऊंचाई तक पहुंचाया, बल्कि अपनी निस्वार्थ सेवा और उदारता से समाज के हर वर्ग को प्रेरित किया। श्री रतन टाटा जी की सादगी, दूरदर्शिता और सेवा भावना युग-युगों तक प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है। उनके देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिव्य आत्मा को शांति प्रदान करें।’

भाजपा अध्यक्ष बोले- विनम्रता, ईमानदारी और करुणा के प्रतीक थे रतन टाटा
रतन टाटा के निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने कहा, रतन टाटा के निधन से बहुत दुःख हुआ। उद्योग और समाज में उनके उल्लेखनीय योगदान ने हमारे देश और दुनिया पर एक अमिट छाप छोड़ी है। वह सिर्फ़ एक व्यवसायिक आइकन ही नहीं थे, बल्कि विनम्रता, ईमानदारी और करुणा के प्रतीक थे। इस अपूरणीय क्षति की घड़ी में, हम उनके परिवार, दोस्तों और उन सभी लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं।

Share This Article