दल से बिछड़ा लोनर हाथी, दो जान और ले ली दंतैल हाथी ने…

राजेन्द्र देवांगन
2 Min Read
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

कोरबा ।  जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत ग्राम रलिया, भिलाईबाजार, खोडरी में सुबह से जमे लोनर दंतैल हाथी ने सुबह गायत्री राठौर की जान ले ली तो देर शाम को वापसी के दौरान दो अन्य महिलाओं को मार डाला।

प्रारम्भिक जानकारी के मुताबिक ग्राम खोडरी से लगे ग्राम खैरभवना मार्ग से गुजरते समय हाथी ने 2 महिलाओं को तब अपनी चपेट में लिया जब ये दोनों महिलाएं हाथी के आने का शोर मचने पर अपना घर छोडक़र संभावित खतरे से बचने के लिए दूसरी तरफ जा रहीं थीं। इन दोनों महिलाओं का घर मिट्टी का है और इन्हें लगा कि हाथी उनके घर को तोड़ देगा तो सुरक्षित स्थान पर जाने की कोशिश में भागते समय सामना दंतैल से हो गया और दोनों को हाथी ने मौत के घाट उतार दिया। मृतकों के नाम तीजकुंवर पति धन बहादुर 63 वर्ष और सुरुजा पति मंतराम 43 वर्ष है।

समाचार लिखे जाने तक हाथी को सरईसिंगार से तरदा के मध्य जाते देखा गया है। इस बीच यह भी जानकारी आम हुई है कि ग्राम बाता, बिरदा की तरफ से 3 और हाथी आते देखे गए हैं। ग्रामीणों में हाहाकार मचा हुआ है। लोग अपनी जान बचाने के लिए पक्के मकानों की छत और सुरक्षित स्थानों की तलाश में लगे हुए हैं। दूसरी तरफ वन अमले और प्रशासनिक अमले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीण बताते हैं कि वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी हाथी के पीछे-पीछे लगे हुए हैं जबकि वह आक्रामक हो चुका है तो उसे बेहोश करने का कोई इंतजाम क्यों नहीं किया गया? यह सवाल उठने लगा है। हाथियों की ट्रैकिंग (निगरानी) के मामले में वन विभाग की नाकामी पर भी क्षेत्रवासी सवाल उठा रहे हैं ।

Share This Article