गौरवपथ निर्माण में देरी से उड़ रही धूल ने बढ़ाई परेशानी,व्यापारियों और आम जनता का जीना हुआ मुहाल,नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने ठेकेदार को दी दो टूक चेतावनी

Jagdish Dewangan
3 Min Read
Oplus_16908288
Advertisement

एक-दो दिन में डामरीकरण (बीटी कार्य) शुरू करने का आश्वासन,समय पर काम नहीं हुआ तो ठेकेदार को नहीं मिलेगी अतिरिक्त मोहलत,कार्रवाई के लिए स्वयं ठेकेदार होंगे जिम्मेदार

मुंगेली :- नगर के प्रमुख मार्ग गौरवपथ का निर्माण करोड़ों रुपये की लागत से बिलासपुर की निर्माण कंपनी अविनाश बिल्डकॉन द्वारा कराया जा रहा है। शहर के विकास और आवागमन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुरू हुआ यह निर्माण कार्य अब आम नागरिकों और व्यापारियों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। निर्माण कार्य में हो रही अनावश्यक देरी के चलते सड़क पर उड़ती धूल ने आसपास के रहवासियों, दुकानदारों,व्यापारियों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिनभर वाहनों की आवाजाही से सड़क पर धूल का गुबार उड़ता रहता है,जिससे लोगों को आवागमन के साथ-साथ अपने प्रतिष्ठानों में बैठना भी मुश्किल हो रहा है।

गौरवपथ निर्माण में लगातार हो रही देरी और धूल से उत्पन्न समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला से शिकायत की गई। आम जनता की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ने तत्काल संबंधित निर्माण एजेंसी के ठेकेदार से टेलीफोन पर चर्चा की और सड़क पर उड़ रही धूल से लोगों को राहत दिलाने के लिए जल्द से जल्द डामरीकरण (बीटी कार्य) प्रारंभ करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

नगर पालिका अध्यक्ष की सख्ती के बाद संबंधित ठेकेदार ने एक-दो दिनों के भीतर उक्त सड़क पर डामरीकरण का कार्य शुरू करने की सहमति दी है। वहीं रोहित शुक्ला ने ठेकेदार को दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित एक-दो दिनों के भीतर कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो निर्माण कार्य में देरी के लिए उसे किसी भी प्रकार का अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। इतना ही नहीं,परिषद द्वारा नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होगी।

जनता की परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी:रोहित शुक्ला

नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि गौरवपथ शहर का महत्वपूर्ण मार्ग है और इसका निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में पूरा होना चाहिए। निर्माण में हो रही देरी के कारण व्यापारियों और आम नागरिकों को धूल की समस्या से जूझना पड़ रहा है,जो उचित नहीं है। आम लोगों की शिकायत पर तत्काल ठेकेदार से चर्चा कर एक-दो दिनों के भीतर डामरीकरण (बीटी कार्य) शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की परेशानी को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। यदि ठेकेदार तय समय में काम शुरू नहीं करता है तो उसे अतिरिक्त समय देने का कोई औचित्य नहीं होगा और परिषद स्तर पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
संपादक - जगदीश देवांगन